सारंगढ़। जिला पंचायत सभापति संतोषी अरविंद खटकर ने जिला पंचायत की बैठक में अपने निर्वाचन क्षेत्र कोसीर सहित पूरे जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए स्वास्थ्य, बिजली, पशुपालन और ग्रामीण विकास से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि आम जनता की मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
बैठक में सभापति खटकर ने बताया कि कोसीर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है, लेकिन लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सक का पद रिक्त होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने तत्काल अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति करने का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा भी मजबूती से उठाया। उनका कहना था कि बार-बार बिजली गुल होने से किसान, विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत विभाग से निर्बाध और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
पशुपालकों की समस्या को सामने रखते हुए सभापति ने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान उपकेंद्र दहीदा में पदस्थ परिचारक ऋषिराम चौहान के स्थानांतरण से उपकेंद्र का पद रिक्त हो गया है, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने श्री चौहान को पुनः दहीदा में पदस्थ करने का प्रस्ताव रखा ताकि पशुपालन सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत जिले के अनुसूचित जाति बहुल ग्रामों में स्वीकृत एवं लंबित कार्यों की विस्तृत जानकारी भी मांगी। उन्होंने प्रशासन से यह स्पष्ट करने का आग्रह किया कि जिले के कितने अनुसूचित जाति बहुल गांवों में योजना के तहत कार्य स्वीकृत हुए हैं तथा किन ग्रामों में अब तक स्वीकृति या निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है।
सभापति संतोषी अरविंद खटकर ने कहा कि जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे का समाधान उनकी प्राथमिकता है और जनहित के सवालों को वे लगातार जिला पंचायत के मंच पर मजबूती से उठाते रहेंगे।

- सारंगढ़:नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ताबड़तोड़ छापों में 106.68 लीटर अवैध शराब जब्त… - July 4, 2026
- सारंगढ़:सहकारिता सप्ताह में हरियाली का संकल्प, कोसीर समिति परिसर में हुआ वृक्षारोपण… - July 4, 2026
- 4 दिन से अंधेरे में आधा दर्जन गांव, ओड़ेकेरा फीडर की बदहाल व्यवस्था पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा… - July 4, 2026


