सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 जुलाई 2026। जिले को ‘टीबी मुक्त’ बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया गया ‘टीबी मुक्त भारत’ 100 दिवसीय विशेष अभियान शानदार सफलता के साथ संपन्न हुआ। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) पुष्पेंद्र वैष्णव के निर्देशन में संचालित इस अभियान ने निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करते हुए कई मापदंडों में 100 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि दर्ज कर जिले को नई पहचान दिलाई।
अभियान के तहत जिले के 70 उच्च जोखिम वाले चिन्हित ग्रामों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 7,000 से अधिक लोगों की निःशुल्क डिजिटल एक्स-रे जांच की गई। प्रतिदिन औसतन 100 से अधिक लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया, जिससे संभावित टीबी मरीजों की समय रहते पहचान संभव हो सकी।
टीबी की त्वरित और सटीक जांच के लिए आधुनिक ट्रूनेट तकनीक का उपयोग किया गया। अभियान के दौरान 956 संदिग्ध मरीजों के बलगम नमूनों की जांच की गई। जिन मरीजों में टीबी की पुष्टि हुई, उन्हें तत्काल उपचार से जोड़कर समय पर इलाज सुनिश्चित किया गया। वहीं, नाट जांच के लक्ष्य की भी शत-प्रतिशत पूर्ति कर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया।
अभियान के दौरान एक्स-रे मशीन के उपयोग में 143 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करना स्वास्थ्य विभाग की बड़ी सफलता रही। इससे स्पष्ट हुआ कि विभाग ने उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाईं।
टीबी के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न विभागों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया। लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और नि:शुल्क उपचार की जानकारी देकर अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की यह उपलब्धि ‘टीबी मुक्त भारत’ के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जिले में स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय कार्यशैली और जनसहभागिता ने इस अभियान को उल्लेखनीय सफलता दिलाई है।

- सारंगढ़:नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ताबड़तोड़ छापों में 106.68 लीटर अवैध शराब जब्त… - July 4, 2026
- सारंगढ़:सहकारिता सप्ताह में हरियाली का संकल्प, कोसीर समिति परिसर में हुआ वृक्षारोपण… - July 4, 2026
- 4 दिन से अंधेरे में आधा दर्जन गांव, ओड़ेकेरा फीडर की बदहाल व्यवस्था पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा… - July 4, 2026


