सारंगढ़। ग्रामीण विकास को गति देने, खरीफ सीजन में किसानों को खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला पंचायत की सामान्य सभा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत बर्मन, जिला स्तरीय अधिकारी एवं जिला पंचायत सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय और तालमेल के बिना योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच सकता। उन्होंने कहा कि जनहित के किसी भी कार्य को तकनीकी या छोटी-मोटी औपचारिकताओं के कारण लंबित न रखा जाए। ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचे, यही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन, कृषि, खाद-बीज वितरण, कीटनाशक दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता तथा कृषि, उद्यानिकी, खाद्य, सहकारिता, सड़क और जल संसाधन विभागों के कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करें, आम लोगों से संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करें। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर स्वयं निगरानी रखते हुए समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, सांसद प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य डॉ. दिनेश, श्रीमती शिवकुमारी साहू, श्रीमती भगवंती पटेल, सुशीला साहू, श्रीमती लता लक्ष्मे, डॉ. अभिलाषा नायक, श्रीमती सहोदरा सिदार, विनोद भारद्वाज, मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत बर्मन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

- बरमकेला में शुरू हुआ 10 बिस्तरीय आदर्श सुपोषण गृह, कुपोषित बच्चों को मिलेगा बेहतर उपचार… - August 20, 2026
- सारंगढ़:महानदी में बाढ़ का मॉक ड्रिल, प्रशासन ने परखी बचाव तैयारियों की जमीनी हकीकत… - August 20, 2026
- थाना प्रभारी प्रमोद यादव की मुस्तैदी से अवैध शराब पर शिकंजा, 70 पाउच महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार… - August 20, 2026
