बरमकेला। व्यापारियों को आयकर संबंधी नियमों और नई व्यवस्थाओं की बेहतर जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए CAIT छत्तीसगढ़ और आयकर विभाग के बीच संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्णय का CAIT सारंगढ़ जिला अध्यक्ष रतन शर्मा ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे प्रदेश के व्यापारियों के हित में ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताते हुए कहा कि इससे लाखों व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रतन शर्मा ने बताया कि CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने चीफ कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स संजीव (IRS) से सौजन्य मुलाकात कर व्यापारिक एवं कर संबंधी विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा की। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं, कर संबंधी जटिलताओं और जागरूकता बढ़ाने के उपायों पर गंभीरता से विचार किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में CAIT छत्तीसगढ़ के चेयरमैन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंह देव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमैन सुरिन्दर सिंह एवं जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी और शंकर बजाज सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रतन शर्मा ने कहा कि CAIT और आयकर विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और संवाद सत्र आयोजित किए जाने से प्रदेश के लगभग 12 लाख व्यापारियों को आयकर संबंधी नियमों, नवीन प्रावधानों और प्रक्रियाओं की सरल एवं सही जानकारी मिलेगी। इससे स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा मिलेगा, व्यापारियों की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान होगा और कर व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी तथा पारदर्शी और सुगम कर व्यवस्था को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

- बरमकेला में शुरू हुआ 10 बिस्तरीय आदर्श सुपोषण गृह, कुपोषित बच्चों को मिलेगा बेहतर उपचार… - August 20, 2026
- सारंगढ़:महानदी में बाढ़ का मॉक ड्रिल, प्रशासन ने परखी बचाव तैयारियों की जमीनी हकीकत… - August 20, 2026
- थाना प्रभारी प्रमोद यादव की मुस्तैदी से अवैध शराब पर शिकंजा, 70 पाउच महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार… - August 20, 2026
