सारंगढ़। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण को लेकर किए जा रहे दावों पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा सरकार पर महिलाओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार मंचों से महिला सम्मान और सशक्तिकरण की बड़ी-बड़ी बातें तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
ताराचंद देवांगन ने कहा कि हाल ही में जिले के भटगांव, बरमकेला और सरिया नगर पंचायतों में कुल 9 एल्डरमैन की नियुक्ति की गई, लेकिन इनमें एक भी महिला को स्थान नहीं दिया गया। यह भाजपा सरकार के महिला विरोधी रवैये और कथनी-करनी के अंतर को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार वास्तव में महिला सशक्तिकरण के प्रति गंभीर होती, तो इन नियुक्तियों में महिलाओं को भी उचित अवसर और सम्मानजनक भागीदारी मिलती। लेकिन महिलाओं की पूरी तरह अनदेखी कर सरकार ने यह साबित कर दिया है कि उसके महिला सशक्तिकरण के दावे केवल चुनावी नारों तक ही सीमित हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि भविष्य में होने वाली सभी राजनीतिक एवं प्रशासनिक नियुक्तियों में महिलाओं को उनकी योग्यता और अधिकार के अनुरूप पर्याप्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए।
देवांगन ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान भागीदारी की पक्षधर रही है तथा आगे भी महिलाओं के हितों की आवाज बुलंद करती रहेगी।

- पेट में गैस की समस्या से हैं परेशान तो जानें वजह और छुटकारा पाने के उपाय… - October 7, 2026
- घर पर रखी लौकी से बनाएं एकदम बाजार जैसी क्रिस्पी कचौड़ी, नोट कर लें सिंपल होममेड रेसिपी… - October 7, 2026
- दृश्यम 3′ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, वर्ल्डवाइड 300 करोड़ पार, फुटेज में जाने चौथे दिन कमाई में गिरावट, फिर भी मजबूत पकड़… - October 7, 2026
