सारंगढ़। सारंगढ़ की माटी के सपूत और देश की सर्वोच्च अदालत के न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा पहली बार अपने गृह नगर सारंगढ़ आने वाले हैं। उनके आगमन को लेकर पूरे नगर में उत्साह का माहौल है। जिला अधिवक्ता संघ सारंगढ़ द्वारा उनके सम्मान में जिला मुख्यालय में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियों के सिलसिले में जिला अधिवक्ता संघ का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष विजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में रायगढ़ स्थित न्यायमूर्ति मिश्रा के गृह निवास पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में संघ के प्रवक्ता दीपक तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता देवेंद्र नाथ नंदे तथा अभय मिश्रा शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने न्यायमूर्ति मिश्रा को सारंगढ़ आने का आत्मीय आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में कार्यक्रम की तिथि तय कर दी जाएगी, जिसके बाद आयोजन को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सारंगढ़ के मूल निवासी न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बनने के बाद यह उनका पहला गृह नगर आगमन होगा। इसे जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है। अधिवक्ताओं के साथ-साथ नगरवासियों में भी इस ऐतिहासिक पल को लेकर खासा उत्साह है।
संघ के प्रवक्ता दीपक तिवारी ने बताया कि न्यायमूर्ति महोदय की सहमति मिलने के बाद अधिवक्ता संघ में खुशी की लहर है। जल्द ही संघ की बैठक बुलाकर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तय होने के बाद प्रतिनिधिमंडल पुनः न्यायमूर्ति महोदय से भेंट कर उन्हें विधिवत आमंत्रण देगा।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय कुमार तिवारी ने कहा कि यह सारंगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा, “सारंगढ़ का बेटा आज देश की सबसे बड़ी अदालत में न्याय के मंदिर का प्रहरी है। उनका स्वागत सारंगढ़ के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।”
वहीं संघ के सचिव कुलदीप राज पटेल ने कहा कि नगर के इतिहास में पहली बार सुप्रीम कोर्ट के किसी न्यायमूर्ति का आगमन होने जा रहा है, जिससे यह आयोजन सारंगढ़ के लिए ऐतिहासिक और अविस्मरणीय साबित होगा।

- थाना प्रभारी शिवकुमार धारी की सख्ती का असर, अवैध महुआ शराब के साथ दो शराब कोचिए गिरफ्तार… - August 20, 2026
- एसपी सुनील शर्मा के विजन से बदलेगी जिले मे सुरक्षा की तस्वीर..कपरतुंगा स्कूल में पुलिस की स्पेशल क्लास…चौकी प्रभारी खटकर की क्लास मे 188 छात्र-छात्राएं बने ‘साइबर वॉरियर’… - August 20, 2026
- थाना प्रभारी सुनीता नाग बंजारे की सख्त कार्रवाई, 50 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त—दो आरोपी गिरफ्तार… - August 20, 2026
