सारंगढ़-बिलाईगढ़, 2 जुलाई। एकीकृत बाल विकास परियोजना, सारंगढ़ के ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र भिमखोलिया में सहायिका के रिक्त पद पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। विभाग द्वारा प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों का मूल्यांकन समिति के माध्यम से सूक्ष्म परीक्षण कर अभ्यर्थियों का अनंतिम मूल्यांकन पत्रक तैयार कर दावा-आपत्ति के लिए प्रकाशित कर दिया गया है।
विभाग के अनुसार, प्रकाशित अनंतिम मूल्यांकन पत्रक के संबंध में यदि किसी अभ्यर्थी को कोई दावा या आपत्ति है, तो वह 1 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक केवल ऑनलाइन माध्यम से अपना दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दावा-आपत्ति के साथ किसी भी प्रकार के नए दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे। केवल कार्यालयीन स्तर पर हुई लिपिकीय त्रुटियों से संबंधित दावा-आपत्तियों पर ही विचार किया जाएगा। अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है, ताकि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा सके।



