बलरामपुर। शहर के कन्या हाईस्कूल पारा स्थित घनी रिहायशी बस्ती में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला नगर सैनिक के पति ने कथित रूप से अपने ही घर में आग लगा दी।

घर में गैस सिलिंडर होने की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। आग लगाने के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर सैनिक महिला रोज की तरह सोमवार को ड्यूटी पर गई हुई थी। दोपहर में उसके पति ने घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि घर के अंदर एलपीजी सिलिंडर रखा था। सिलिंडर फटने की आशंका के चलते आसपास रहने वाले लोगों ने अपने घर खाली कर दिए और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची, वाहन में पर्याप्त पानी भी नहीं था
सूचना मिलते ही बलरामपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन आसपास के आठ-दस मकानों को खाली कराया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड काफी देर से पहुंची और वाहन में पर्याप्त पानी भी नहीं था। मौके पर पहुंचने के बाद पानी भरने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिससे आग बुझाने में देरी हुई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि आग सिलिंडर तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आग में घर का पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
घरेलू विवाद की आशंका, पति फरार
प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को आगजनी की वजह माना जा रहा है। थाना प्रभारी सुभाष कुजूर ने बताया कि घटना के बाद से आरोपित पति फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पूरे मामले की जांच बलरामपुर कोतवाली पुलिस कर रही है।
कलेक्टर ने लिया संज्ञान, पांच कर्मी निलंबित
घटना में फायर ब्रिगेड की लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला सेनानी नगर सेना ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने पर फायर इंचार्ज संजय पटेल, सैनिक राजेंद्र प्रसाद, बुद्धिनारायण दुबे, पंप ऑपरेटर सह वाहन चालक फ्रांसिस जेवियर और फायरमैन सुनीन एक्का को होमगार्ड अधिनियम की धारा 13 नियम 12 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आपात स्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फायर ब्रिगेड जैसी सेवा में समय पर पहुंचना और पूरी तैयारी रखना अनिवार्य है।


