सारंगढ़। नगर पालिका क्षेत्र के एक शासकीय विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। हालात ऐसे हैं कि विद्यालय में वर्तमान में केवल दो विषयों की नियमित पढ़ाई हो पा रही है, जबकि शेष चार विषयों की पढ़ाई ठप जैसी स्थिति में है। नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई से नियमित रूप से शुरू हो चुका है, लेकिन अब भी अधिकांश विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, पिछले शैक्षणिक सत्र में कक्षा 10वीं का बोर्ड परीक्षा परिणाम भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा था। शिक्षकों की कमी को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है। यदि समय रहते रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं की गई, तो इस वर्ष भी विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
विद्यालय के प्राचार्य ने कई बार विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एवं जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर शिक्षकों की व्यवस्था करने का आग्रह किया है, लेकिन अब तक पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं कराए जा सके हैं।
इधर, शाला विकास समिति के अध्यक्ष अमित कुमार सारथी ने भी अपने लेटरहेड के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी से विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र शिक्षकों की पदस्थापना की मांग की। बताया जाता है कि जिला शिक्षा अधिकारी ने सकारात्मक आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक विद्यालय की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सभी रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई, तो विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा और बोर्ड परीक्षा परिणाम पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल सभी रिक्त पदों पर शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था पटरी पर लौट सके और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।


- सारंगढ़:राहुल गांधी से मिले ताराचंद देवांगन, संगठन को मिली नई ऊर्जा… - July 1, 2026
- सारंगढ़:शिक्षकों की भारी कमी से संकट में छात्रों का भविष्य, शिक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल… - July 1, 2026
- लाडली विधायक के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब…नेता नहीं हमारे परिवार की सदस्य हैं उत्तरी जांगड़े – ग्रामीण - July 1, 2026


