भटगांव। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भटगांव पुलिस ने समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए स्वामी आत्मानंद स्कूल, भटगांव में नवीन आपराधिक कानूनों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने किया। उनके प्रभावशाली संबोधन और सरल शैली में दी गई जानकारी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को नए कानूनों के प्रति जागरूक किया।
थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने कहा कि देश की नई न्याय व्यवस्था केवल अपराधियों को सजा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को त्वरित, पारदर्शी और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विस्तार से बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के लागू होने से आम नागरिकों के अधिकार और अधिक मजबूत हुए हैं तथा न्याय प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और आधुनिक बनी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को ई-एफआईआर जैसी नई डिजिटल व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि अब कई मामलों में घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर बनाए गए नए कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी उन्होंने विस्तार से साझा की।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने साइबर अपराधों से बचाव पर विशेष जोर देते हुए ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी ठगी, फर्जी लॉटरी, सोशल मीडिया धोखाधड़ी और डिजिटल ठगी के विभिन्न तरीकों से सावधान रहने के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर बिना जांचे-परखे विश्वास न करें और साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112, एसओएस फीचर, सखी सेंटर तथा महिला परामर्श केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध चिकित्सा, कानूनी सहायता, काउंसिलिंग और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाओं की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, यातायात नियमों का पालन करने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उनके प्रेरक संदेश से प्रभावित होकर उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के साथ उपनिरीक्षक बलीराम निराला, प्रधान आरक्षक एकराम सिदार, आरक्षक राहुल खूंटे, प्रत्येन बर्मन, महिला आरक्षक रीना बघेल, मोहन कुमारी सिदार, स्वामी आत्मानंद स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी शिव कुमार धारी की सक्रिय कार्यशैली और जनजागरूकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने सराहा। उनके नेतृत्व में भटगांव पुलिस लगातार कानून की जानकारी, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति जैसे विषयों पर समाज को जागरूक करने का उल्लेखनीय कार्य कर रही है।


- कानून की समझ, समाज की सुरक्षा: थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने विद्यार्थियों में जगाई जागरूकता की अलख… - June 30, 2026
- सारंगढ़:जनशिकायतों पर सख्त कलेक्टर, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश… - June 30, 2026
- 12 जुलाई को रायगढ़ में होगा जिला स्तरीय वैष्णव महासभा का महासंगम…केवड़ाबाड़ी मंगल भवन में सम्पन्न होगा शपथ ग्रहण समारोह..जिले के मंडलों का होगा गठन… - June 30, 2026


