बरमकेला। छत्तीसगढ़ पुलिस के “जन-जागरूकता अभियान : नया कानून–नया न्याय” के तहत पुलिस थाना बरमकेला द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और नागरिकों को बढ़ते अपराधों से बचाव, नए भारतीय कानूनों की जानकारी तथा समाज में सुरक्षा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी अजीब बेग, उप निरीक्षक भारती, सहायक उप निरीक्षक लखपति प्रधान एवं हवलदार भुवनेश्वर पंडा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से अध्यक्ष सुदामा प्रसाद अग्रवाल, व्यवस्थापक बसंत सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष मनीष नायक, प्राचार्य दासरथी प्रधान, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम सहित नए भारतीय कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिलाओं की सुरक्षा, यातायात नियम और पुलिस की कार्यप्रणाली को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अनेक प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे उनमें कानून के प्रति जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना और मजबूत हुई।
समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने छत्तीसगढ़ पुलिस के इस जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, राष्ट्रसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कोषाध्यक्ष मनीष नायक ने सभी पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा जताई। “सजग रहें, सुरक्षित रहें” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।




