सारंगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के जिला प्रशासन सरगुजा द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित रामगढ़ महोत्सव–2026 में 15 वर्षीय युवा कथक साधिका शार्वी केशरवानी ने अपनी मनमोहक एवं भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रदेश के इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंच पर शार्वी ने कथक की उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर कला प्रेमियों और अतिथियों की खूब वाहवाही बटोरी।
शार्वी ने कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती वंदना से की। इसके बाद उन्होंने कथक के पारंपरिक तोड़े, टुकड़े, परन और तत्कार की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। महाकाली स्तुति की ओजपूर्ण अभिव्यक्ति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया, जबकि अंतिम प्रस्तुति तराना ने पूरे सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया। उनकी शानदार प्रस्तुति से प्रभावित होकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया।
शार्वी, मोना ग्रुप ऑफ एजुकेशन के संस्थापक डॉ. रितेश केशरवानी एवं प्रसिद्ध कथक गुरु डॉ. तोषी गुप्ता की सुपुत्री हैं। पिछले 10 वर्षों से वे अपनी माता से कथक की विधिवत शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। साथ ही वरिष्ठ कथक गुरु डॉ. राजश्री नामदेव के मार्गदर्शन में भी निरंतर साधना कर रही हैं।
कम उम्र में ही शार्वी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। वे दुबई, थाईलैंड, चक्रधर समारोह, राज्योत्सव, सिरपुर महोत्सव सहित 60 से अधिक प्रतिष्ठित मंचों पर कथक प्रस्तुति दे चुकी हैं। थाईलैंड और दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
अपनी उत्कृष्ट कला-साधना के लिए शार्वी को राष्ट्रीय कला वैभव सम्मान, नृत्य साधिका, कला अलंकरण, नृत्य मंजरी, कौशल कला सम्मान सहित अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। हाल ही में देहरादून के तारांगण ऑल इंडिया नेशनल डांस, म्यूजिक एवं फाइन आर्ट्स महोत्सव-2026 में उन्हें ‘नृत्य रंजनी अवार्ड’ तथा मंगलम महोत्सव-2026 में ‘स्वर्ण नृत्य मंगलम अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
शार्वी की इस उपलब्धि के साथ उनकी गुरु एवं माता डॉ. तोषी गुप्ता को भी कथक प्रशिक्षण और भारतीय शास्त्रीय नृत्य के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए मंगलम गुरु गौरव सम्मान तथा तारांगण प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। शार्वी की सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बन गई है और उनकी निरंतर साधना उन्हें देश की उभरती हुई श्रेष्ठ कथक साधिकाओं की अग्रिम पंक्ति में स्थापित कर रही है।



