सारंगढ़। संत शिरोमणि कबीर दास जी के प्राकट्य दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सारंगढ़ में मानिकपुरी जिला समिति द्वारा भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, महिला मंडल, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि संजय भूषण पाण्डेय ने अपने संबोधन में संत कबीर दास जी के समाज सुधार, नव निर्माण और अंधविश्वास के खिलाफ किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि संत कबीर ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के उत्थान, समानता और मानवता के लिए समर्पित किया। उनके दोहे, साखियां और विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत कबीर का संदेश सत्य, प्रेम, सद्भाव, समानता और मानवता की भावना को मजबूत करता है तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी संत कबीर के विचार सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने में अत्यंत प्रासंगिक हैं। युवा पीढ़ी से उन्होंने आह्वान किया कि वे संत कबीर के आदर्शों को आत्मसात करते हुए ईमानदारी, परिश्रम और मानव सेवा के मार्ग पर चलें। उन्होंने कहा कि कबीर के विचारों को अपनाकर ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे, पार्षद कमला कमल मनहर सहित मानिकपुरी समाज के पदाधिकारी, महिला मंडल एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।



