सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया क्षेत्र में संचालित कई डोलोमाइट क्रेशर एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में हैं। स्थानीय लोगों और सूत्रों का दावा है कि हरिओम मिनरल्स, ओम साईं मिनरल्स, मां बंजारी सहित कई क्रेशर संचालकों द्वारा खनिज एवं पर्यावरण नियमों की अनदेखी करते हुए अवैध रूप से डोलोमाइट पत्थर खरीदकर क्रेशर संचालित किए जा रहे हैं। आरोप है कि कई स्थानों से बिना वैध अनुमति के निकाले गए पत्थरों की खरीद शासन द्वारा निर्धारित दर से कम कीमत पर की जाती है, जिससे रॉयल्टी की राशि शासन को न देकर निजी लाभ कमाया जा रहा है।
जानकारों के अनुसार कटंगपाली, साल्हेओना, छैलफोरा, नवघट्टा, बिलाईगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर डोलोमाइट का खनन हो रहा है। आरोप है कि वैध खदानों की तुलना में अवैध खनन अधिक होने से क्रेशर संचालकों को आसानी से सस्ता पत्थर उपलब्ध हो जाता है, जिससे शासन को हर माह लाखों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कागजों में सब कुछ वैध दिखाने का प्रयास किया जाता है, जबकि वास्तविक स्थिति की निष्पक्ष जांच होने पर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। लोगों का आरोप है कि सरिया और बरमकेला क्षेत्र में कई ऐसे क्रेशर संचालित हैं, जिनकी गतिविधियों की अब तक गहन जांच नहीं हुई है।

लेबर सुरक्षा और पर्यावरण नियमों पर भी उठे सवाल
ग्रामीणों और मजदूरों का आरोप है कि कई क्रेशर प्लांटों में श्रमिकों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। यदि कोई मजदूर दुर्घटना का शिकार हो जाता है तो तत्काल उपचार, बीमा या अन्य आपातकालीन सुविधाओं का अभाव रहता है। इससे मजदूरों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
वहीं पर्यावरण संरक्षण के नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि अधिकांश स्थानों पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जाता, न ही पर्याप्त वृक्षारोपण किया गया है और न ही भंडारण स्थलों को चारदीवारी से सुरक्षित किया गया है। इसका असर आसपास के गांवों और राष्ट्रीय राजमार्ग तक दिखाई देने लगा है, जहां धूल और प्रदूषण से ग्रामीणों एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार फैल रहे प्रदूषण से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ता जा रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


- सारंगढ़:टिमरलगा सबरी घाट में दर्दनाक हादसा, नहाने के दौरान युवक नदी में डूबा, मौत… - June 28, 2026
- सारंगढ़:डोलोमाइट क्रेशरों का काला खेल! अवैध खनन, प्रदूषण और राजस्व नुकसान के आरोपों से मचा हड़कंप… - June 28, 2026
- सारंगढ़:”सीड बॉल उत्सव” से हरियाली की मुहिम, कलेक्टर ने की जनभागीदारी की अपील… - June 28, 2026


