सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 जून 2026। जिले में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी शासकीय विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से सीड बॉल उत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने, मृदा एवं जल संरक्षण को मजबूत करने तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
कलेक्टर ने अपने संदेश में कहा कि बदलते मौसम और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक पेड़-पौधों का संरक्षण और संवर्धन समय की सबसे बड़ी जरूरत है। इसी उद्देश्य से जिले में व्यापक स्तर पर सीड बॉल निर्माण कर उसे उन क्षेत्रों में डालने का अभियान चलाया जाएगा, जहां हरियाली की आवश्यकता है। इससे बंजर भूमि को हरा-भरा बनाने और प्राकृतिक वनस्पति बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में वन विभाग, उद्यानिकी विभाग, स्कूल-कॉलेज, सामाजिक संगठन, रेडक्रॉस, बिहान समूह, छात्रावास, अभ्यारण्य सहित सभी शासकीय एवं गैर-शासकीय संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सभी से व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से अधिक से अधिक सीड बॉल तैयार कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की गई है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिलेवासियों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण की इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने क्षेत्र में सीड बॉल तैयार करें और उपयुक्त स्थानों पर उन्हें फैलाकर हरियाली बढ़ाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सारंगढ़-बिलाईगढ़ को अधिक हरित, समृद्ध और पर्यावरण अनुकूल जिला बनाया जा सकता है।


- सारंगढ़ में 23 अगस्त को लगेगा विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर… - August 22, 2026
- कैंसर को मात देकर सारंगढ़ की दिव्या बनीं ‘मिसेज सावन सुंदरी’ - August 22, 2026
- 25 अगस्त को होगी दिशा समिति की अहम बैठक, विकास कार्यों की होगी समीक्षा… - August 22, 2026
