सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 जून 2026। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अध्ययनरत विद्यार्थियों से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के नवीनीकरण के लिए समय पर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। विभाग के अनुसार शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति नवीनीकरण का ऑनलाइन पोर्टल 20 जून से खुल चुका है, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, नवीन आवेदन के लिए पोर्टल 1 अगस्त 2026 से शुरू होगा।
विभाग ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पालक की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1 लाख रुपये निर्धारित की गई है। आवेदन के साथ सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र तथा अध्ययनरत पाठ्यक्रम के पिछले वर्ष का परीक्षा परिणाम संलग्न करना आवश्यक होगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति की राशि पीएफएमएस (PFMS) के माध्यम से आधार आधारित प्रणाली से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसलिए आवेदन करते समय विद्यार्थी यह सुनिश्चित करें कि उनका बैंक खाता सक्रिय हो, आधार से लिंक (सीडेड) हो तथा सही बैंक खाते की जानकारी दर्ज की जाए।
इसके अलावा, वर्ष 2026-27 से SC, ST एवं OBC वर्ग के विद्यार्थियों के लिए एनएसपी (NSP) पोर्टल से ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) प्राप्त करना भी अनिवार्य किया गया है। इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
विभाग ने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन पूर्ण करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, कोसीर रोड, डिग्री कॉलेज के पास, सारंगढ़ कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

- सारंगढ़ में 23 अगस्त को लगेगा विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर… - August 22, 2026
- कैंसर को मात देकर सारंगढ़ की दिव्या बनीं ‘मिसेज सावन सुंदरी’ - August 22, 2026
- 25 अगस्त को होगी दिशा समिति की अहम बैठक, विकास कार्यों की होगी समीक्षा… - August 22, 2026
