सारंगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भेड़वन के मेधावी छात्र गिरधारी निषाद ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 के पुनर्मूल्यांकन परिणाम में अंक बढ़ने के बाद गिरधारी ने 600 में 586 अंक हासिल करते हुए प्रदेश की प्रावीण्य सूची में 9वां स्थान प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय, विकासखंड और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
प्रारंभिक परीक्षा परिणाम में गिरधारी को 581 अंक प्राप्त हुए थे। उन्होंने गणित और सामाजिक विज्ञान में 100 में 100 अंक हासिल किए थे। इसके बाद अंग्रेजी विषय की उत्तरपुस्तिका के पुनर्मूल्यांकन में 5 अंक बढ़ने से उनका कुल स्कोर 586 हो गया और वे राज्य की मेरिट सूची में 9वें स्थान पर पहुंच गए।
गिरधारी की इस सफलता के पीछे विद्यालय के व्याख्याता बी.डी. मिश्रा का विशेष मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन रहा। उन्होंने छात्र की प्रतिभा को देखते हुए 12वीं कक्षा तक की पूरी पढ़ाई का खर्च स्वयं वहन करने की घोषणा भी की, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
विद्यालय के प्राचार्य एस.आर. लहरे, शाला परिवार, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती रजनी चोखलाल पटेल तथा ग्राम सरपंच श्रीमती हेमा जीवन साहू ने गिरधारी निषाद को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि गिरधारी की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



