सारंगढ़। सतनामी विकास परिषद के तत्वावधान में सतनाम भवन, कुटेला में 12वीं उत्तीर्ण एवं महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं बेहतर कैरियर निर्माण के लिए सही मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम में समाज के प्रतिष्ठित एवं अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र बताए। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. केडी. खरे (एमबीबीएस, एमएस, एम.सीएच. यूरोलॉजी), डॉ. लीना पुराइन खरे (एमबीबीएस, एमएस, ऑब्स एंड गायनी, एफएमएएस, डीएमएएस) तथा संविधान विशेषज्ञ एवं कैरियर मार्गदर्शक विनोद कोशले ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, अनुशासित अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया।
विशेष अतिथि के रूप में कर्मन खटकर (सेवानिवृत्त उपसंचालक), सीएस सांडे (सेवानिवृत्त कृषि अधिकारी), एडवोकेट ऊधो राम कोशले, जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज, बीईओ रामकुमार कोशले, महिला उपाध्यक्ष भानुप्रभा जोल्हे, नंदराम सुमन, बुंदराम कोशले, टी.आर. जांगड़े, शंकर जांगड़े, रोहित निराला, राजेश जांगड़े, बिसेसर खरे, बाबूलाल जांगड़े, सुरेश अनंत, कामेश्वर वारे, देवप्रकाश जोल्हे, विजय हिरवानी, कमल बर्मन, अरुण, लक्ष्मे एवं शोभाराम लक्ष्मे सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परिषद ने सतनाम भवन कुटेला में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विभिन्न विषयों की उत्कृष्ट एवं उपयोगी पुस्तकों की व्यवस्था की जानकारी दी, जिससे समाज के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सके। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, वैज्ञानिक सोच और संविधान के मूल्यों को अपनाने का आह्वान करते हुए भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर के संदेश “शिक्षा ही समाज के उत्थान और सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है” को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में सतनामी विकास परिषद ने अभिभावकों एवं युवाओं से पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने तथा भविष्य में आयोजित होने वाले शैक्षणिक एवं मार्गदर्शन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। कार्यक्रम परिषद के अध्यक्ष बी.डी. भारद्वाज की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



