सारंगढ़। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सामने आई अनियमितताओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय सारंगढ़ में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पंडित सूर्यकुमार तिवारी ने प्रेस वार्ता आयोजित की। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पंडित सूर्यकुमार तिवारी ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों की लापरवाही और केंद्र सरकार की विफलता के कारण युवाओं का परीक्षा व्यवस्था से विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यह केवल पेपर लीक का मामला नहीं है, बल्कि देश के लाखों छात्रों के सपनों और उनके भविष्य से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय दिलाया जाए।
पंडित तिवारी ने कहा कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उनका कहना था कि देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जवाबदेही तय होना आवश्यक है।
प्रेस वार्ता के दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने की मांग करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।





