सारंगढ़। भाजपा जिला कार्यालय सारंगढ़ में किसान मोर्चा की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय प्रशिक्षण बैठक भाजपा जिलाध्यक्ष कृषक मुरारी नायक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाते हुए डिजिटल तकनीक के माध्यम से किसानों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की उपयोगिता, उसके तकनीकी पहलुओं तथा जमीनी स्तर पर उसके प्रभावी उपयोग को लेकर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से संगठन को मजबूत करने और किसानों तक योजनाओं की सटीक जानकारी पहुंचाने के तरीके सरल एवं व्यवहारिक रूप से समझाए गए।
जिला उपाध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय डिजिटल युग का है। संगठन को नई तकनीक से जोड़कर ही किसानों सहित समाज के हर वर्ग तक प्रभावी पहुंच बनाई जा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग कर संगठन और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री योगेश्वर साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला मंत्री यादराम पटेल ने व्यक्त किया। बैठक में वरिष्ठ नेता कुलकित चन्द्रा, प्रदेश किसान मोर्चा नेता परिमल चन्द्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामचरण पटेल, महामंत्री भरत चन्द्रा, उपाध्यक्ष राधा मोहन पाणिग्राही, मीडिया प्रभारी सुखराम अनंत, राजकिशोर पाणिग्राही, सत्यदेव साहू, अमित यादव, रमेश साहू, रामाधार, हीराराम, उतित साहू, दिलीप साहू, जीतेन्द्र साहू, बाबूलाल साहू, चन्दन पटेल, रामचंद्र साहू सहित जिले के सभी पदाधिकारी, मंडल प्रभारी एवं किसान मोर्चा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को तकनीकी रूप से सशक्त बनाकर किसानों के बीच अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प लिया गया।



