सरिया। थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के कुशल नेतृत्व में सरिया पुलिस ने चोरी की साइकिलों के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 17 नग चोरी की साइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये है, बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।
पुलिस को 27 जून 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति भठली चौक के पास साइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना की तस्दीक कर थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां एक व्यक्ति रेंजर साइकिल के साथ मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम नकुल साहू (52 वर्ष) निवासी ग्राम औरदा, जिला रायगढ़ बताया।
साइकिल के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई। मेमोरेंडम कथन में उसने गोड़म, सरिया एवं बरमकेला क्षेत्र से साइकिल चोरी करना स्वीकार किया तथा चोरी की साइकिलों को अपने गांव औरदा स्थित घर में छिपाकर रखने की जानकारी दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने उसके घर पहुंचकर रेंजर, लेडीज एवं जेंट्स सहित कुल 16 अन्य साइकिलें बरामद कीं। इस प्रकार आरोपी के कब्जे से कुल 17 चोरी की साइकिलें जब्त की गईं। आरोपी के विरुद्ध धारा 35 (क)(ड) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर विवेचना की जा रही है।
इस उल्लेखनीय सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के प्रभावी नेतृत्व के साथ प्रभारी उप निरीक्षक गजेन्द्र चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक मोहनलाल गुप्ता, विजय यादव, सियाराम कोरस एवं मुकेश कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सरिया पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए इसे अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश बताया है।


- सारंगढ़:एन.एल. राठिया की सटीक रणनीति से साइकिल चोर गिरफ्तार, 17 चोरी की साइकिलें बरामद… - June 28, 2026
- सारंगढ़:एन.एल. राठिया की सख्ती से गांजा तस्कर दबोचा, 18 किलो से अधिक गांजा जब्त… - June 28, 2026
- सारंगढ़:जुआ माफियाओं पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव का करारा प्रहार, 27 लाख की जब्ती से मचा हड़कंप.. - June 28, 2026


