सारंगढ़। थाना सरिया पुलिस ने थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के कुशल नेतृत्व, सतर्कता और प्रभावी रणनीति के चलते अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये का गांजा, स्कूटी और मोबाइल जब्त किया है।
पुलिस को 27 जून 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति उड़ीसा राज्य से नीले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी में भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर ग्राम सरिया होते हुए धरमजयगढ़ की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर थाना सरिया के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कराई।
कुछ ही देर बाद बताए गए हुलिए की स्कूटी को रोककर जांच की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहपाल राठिया (22 वर्ष) निवासी सोहनपुर, पोस्ट सिसरिंगा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की, पैरदान के पास रखे बैग एवं बोरी से खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे कुल 06 पैकेटों में 18 किलो 60 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 70 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने गांजे के साथ होंडा एक्टिवा स्कूटी तथा एक रेडमी कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया।
आरोपी के विरुद्ध थाना सरिया में अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में सरिया पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर लगातार प्रभावी प्रहार कर रही है। क्षेत्र में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता की आमजन द्वारा भी सराहना की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, उपनिरीक्षक मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, आरक्षक दिलीप साहा, दिगम्बर पटेल, ताराचंद मिरेन्द्र, श्रवण टंडन, खेमलाल चौहान तथा सायबर सेल सारंगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

- सारंगढ़:एन.एल. राठिया की सटीक रणनीति से साइकिल चोर गिरफ्तार, 17 चोरी की साइकिलें बरामद… - June 28, 2026
- सारंगढ़:एन.एल. राठिया की सख्ती से गांजा तस्कर दबोचा, 18 किलो से अधिक गांजा जब्त… - June 28, 2026
- सारंगढ़:जुआ माफियाओं पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव का करारा प्रहार, 27 लाख की जब्ती से मचा हड़कंप.. - June 28, 2026


