सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 जून 2026। जिले को कुष्ठ रोग से पूरी तरह मुक्त बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने व्यापक जनभागीदारी के साथ विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिलेवासियों के नाम वीडियो संदेश जारी कर लोगों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कुष्ठ रोग की पहचान हो जाए और मरीजों का उपचार शुरू कर दिया जाए, तो यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इस जनहित अभियान का हिस्सा बने।
कलेक्टर ने बताया कि 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक जिले में सघन कुष्ठ खोज अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रही हैं और कुष्ठ रोग के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान कर संभावित मरीजों को चिन्हित कर रही हैं। जिन लोगों में बीमारी के शुरुआती संकेत मिल रहे हैं, उन्हें तत्काल स्वास्थ्य केंद्रों से जोड़कर मल्टी ड्रग थेरेपी (एमडीटी) के माध्यम से निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी प्रत्येक घर में जाकर लोगों से चर्चा कर रहे हैं, बीमारी के लक्षणों की जानकारी दे रहे हैं तथा लोगों को जागरूक कर रहे हैं। ऐसे में नागरिकों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति में त्वचा पर सुन्न धब्बे, संवेदना में कमी या अन्य प्रारंभिक लक्षण दिखाई दें तो उन्हें छिपाने के बजाय तत्काल स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दें और मरीज को निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अपने संदेश में कहा कि जागरूकता ही कुष्ठ रोग को समाप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। समाज में इस बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें, अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और “कुष्ठ मुक्त सारंगढ़-बिलाईगढ़” के लक्ष्य को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




