सारंगढ़। कलेक्टर एवं जिलादण्डाधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर कलेक्टर ने त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनदर्शन में सबसे अधिक 17 आवेदन राशन कार्ड, 12 आवेदन पेंशन, 7 आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना तथा 2 आवेदन महतारी वंदन योजना के लाभ दिलाने से संबंधित प्राप्त हुए। इसके अलावा पटवारी द्वारा कथित रिश्वत मांगने की शिकायत, अवैध कब्जा हटाने, राजस्व संबंधी विवाद एवं अन्य जनहित के मामलों को लेकर भी नागरिकों ने आवेदन सौंपे।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को उसके अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
जनदर्शन के दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर विश्वास जताया। कलेक्टर की संवेदनशील कार्यशैली और जनहित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण से आम नागरिकों में भरोसा दिखाई दिया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी निराकरण किया जाएगा।



