जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट और कथित रूप से अर्द्धनग्न कर पैदल घुमाने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

वहीं पीड़ित अल्ताफ अंसारी (30) ने चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान पत्रकारों के सामने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर पुलिस ने पीड़ित के कुछ दावों को खारिज करते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी है।
राशन कार्ड बनवाने को लेकर विवाद का आरोप
रामानुजगंज स्थित सौ बिस्तर अस्पताल में मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) के दौरान अल्ताफ अंसारी ने बताया कि विवाद की शुरुआत राशन कार्ड बनवाने को लेकर हुई थी। उनके अनुसार क्षेत्र के जनपद सदस्य मोहम्मद बख्श ने राशन कार्ड बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कई महीने गुजरने के बाद भी कार्ड नहीं बन पाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ।
अल्ताफ का आरोप है कि सोमवार शाम मोहम्मद बख्श और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि जान बचाने के लिए वह रामचंद्रपुर थाना पहुंचे थे, लेकिन बाद में आरोपित पक्ष उन्हें अपने साथ ले गया और दोबारा मारपीट की गई।
सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का लगाया आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसे अर्द्धनग्न अवस्था में हाथ जोड़वाकर सार्वजनिक रूप से पैदल चलाया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
वायरल वीडियो से बढ़ी चर्चा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक हाथ जोड़कर पैदल चलता दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुछ लोगों की आवाज भी सुनाई दे रही है, जिसमें कथित तौर पर कहा जा रहा है कि कोई वीडियो नहीं बनाएगा और इसे वायरल नहीं करेगा।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक अल्ताफ अंसारी ही है और यह घटना के समय का वीडियो है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि नईदुनिया नहीं करता है। पुलिस जांच के बाद ही वीडियो की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
पुलिस ने थाने से ले जाने के दावे को नकारा
अल्ताफ अंसारी ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान वह रामचंद्रपुर थाना पहुंचे थे और वहीं से आरोपित पक्ष उन्हें अपने साथ ले गया। इस दावे को रामचंद्रपुर थाना प्रभारी मनोज नौरंगे ने खारिज किया है।
थाना प्रभारी मनोज नौरंगे ने कहा कि, हमारे थाने में कोई नहीं आया था। थाने से किसी को कैसे ले जाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
मेडिकल जांच में मिले चोट के निशान
रामानुजगंज सौ बिस्तर अस्पताल में एमएलसी करने वाले चिकित्सक डॉ. दीपांकर साहू ने बताया कि अल्ताफ अंसारी के शरीर, खासकर पीठ और अन्य हिस्सों में चोट के निशान मिले हैं। कुछ स्थानों पर रक्तस्राव जैसे लक्षण भी पाए गए हैं। चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
आरोपित के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपित मोहम्मद बख्श के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि वर्तमान मामले सहित उसके खिलाफ कुल चार एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




