राज्य में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई हो रही है। शासन की मंशा खनिज संसाधनों के संरक्षण, उनके नियमानुसार उपयोग तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश सुनिश्चित करने की है।

खनिज साधन विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर बलौदाबाजार में बड़ी कार्रवाई की गई है।
6 क्रेशर को किया गया सील
केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने मिली शिकायतों के आधार पर 21 एवं 22 जून जिले में औचक निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान जिला बलौदाबाजार के ग्राम खपरीडीह में गौण खनिज निम्न श्रेणी चूनापत्थर से संबंधित स्वीकृत अस्थायी भंडारण अनुज्ञप्ति स्थलों एवं खदानों का निरीक्षण किया गया। जांच में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाए जाने पर 6 क्रशर इकाइयों को सीलबंद किया गया तथा संबंधित संचालकों को जवाब प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी किए गए।
जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम दहिदा में महानदी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक चैन माउंटेन मशीन द्वारा अवैध रूप से रेत उत्खनन किया जाना पाया गया। खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत उक्त मशीन को जब्त कर आगामी आदेश तक सीलबंद किया गया। मशीन के मालिक को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रोन से की गई निगरानी
अधिकारियों ने बताया कि सभी स्थलों की जांच एवं सत्यापन ड्रोन सर्वेक्षण तकनीक के माध्यम से किया गया। जिससे खनन गतिविधियों की सटीक जानकारी मिल पाई।
सीएम ने कहा- जारी रहेगा एक्शन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा खनिज संपदा के नियमानुसार उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
अवैध रेत खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
टीम ने बलौदाबाजार में सील किए 6 क्रेशर
टीम ने अलग-अलग स्थानों पर किया निरीक्षण
निगरानी के लिए टीम ने किया ड्रोन का इस्तेमाल
विभाग ने दिए आदेश
खनिज सचिव पी दयानंद ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आधुनिक तकनीक, ड्रोन सर्वेक्षण एवं सतत निगरानी के माध्यम से अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


