सारंगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) 2.0 के तहत छत्तीसगढ़ में पात्र हितग्राहियों की नई सूची तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में 24 जून को सभी ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 सर्वे एवं पात्रता सत्यापन किया जाएगा। शासन ने सभी ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि वे ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों एवं व्यक्तिगत जानकारी का सत्यापन कराएं।
शासन द्वारा निर्धारित 12 पात्रता मानदंडों के आधार पर सत्यापन किया जाएगा। इन मानदंडों के अनुसार अपात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जा सकते हैं। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ केवल वास्तविक और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार का पक्के मकान का सपना साकार हो सके।
इस संबंध में श्रीमती ममता राजीव सिंह ने सभी ग्रामीण नागरिकों से समय पर ग्राम सभा में पहुंचकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राही अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर योजना का लाभ सुनिश्चित करें।
उन्होंने जिले के सभी सरपंचों और सचिवों से भी विशेष आग्रह किया कि वे आपसी रंजिश, मतभेद, पक्ष-विपक्ष या दलगत राजनीति से ऊपर उठकर निष्पक्षता के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही को प्रधानमंत्री आवास योजना का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और पंचायत पदाधिकारियों का दायित्व है कि वे एक मुखिया के रूप में निष्पक्षता से कार्य करते हुए जरूरतमंद परिवारों के हितों की रक्षा करें।



