सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 जून 2026। जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। कलेक्टर पदमिनी भोई साहू की अध्यक्षता में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने तंबाकू नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी विभागों में तंबाकू नियंत्रण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही सभी शासकीय भवनों एवं कार्यालयों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में जिले के सभी स्कूलों एवं महाविद्यालयों को तंबाकू मुक्त घोषित करने, ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने, प्रवर्तन दल द्वारा नियमित चलानी कार्रवाई करने तथा तंबाकू उत्पादों और पान मसालों के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष विज्ञापनों को हटाने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा नगरीय निकाय, समाज कल्याण विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से ग्राम स्तर पर महिलाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनजागरूकता और सख्त प्रवर्तन के माध्यम से जिले में तंबाकू सेवन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी डॉ. वर्षा बंसल, प्रफुल्ल रजक, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, जिला पंचायत सीईओ इन्द्रजीत बर्मन, जिला नोडल अधिकारी (राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम) डॉ. इन्दु सोनवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर तंबाकू मुक्त सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लक्ष्य को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।

- सारंगढ़:भाजपा ने किया प्रबुद्ध एवं वरिष्ठजनों का सम्मान, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं… - June 19, 2026
- सारंगढ़:वैज्ञानिक जांच से अपराधियों पर शिकंजा, पुलिस को मिला हाईटेक प्रशिक्षण… - June 19, 2026
- तंबाकू मुक्त जिले की ओर बड़ा कदम, सभी सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में चलेगा विशेष अभियान… - June 19, 2026

