सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार हो रहे सकारात्मक बदलावों ने आमजन का भरोसा और मजबूत किया है। सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व, दूरदर्शिता और सतत प्रयासों से जिला अस्पताल अब आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिला प्रशासन और अस्पताल प्रशासन के बेहतर समन्वय से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को अब अपने ही जिले में उच्चस्तरीय और नि:शुल्क उपचार उपलब्ध हो रहा है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कुशल मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल की लगातार पहल के परिणामस्वरूप जिला चिकित्सालय सारंगढ़ को सप्ताह में दो दिन निश्चेतना (एनेस्थीसिया) विशेषज्ञ की सेवाएं मिलने लगी हैं। इससे अस्पताल में सिजेरियन प्रसव सहित विभिन्न जटिल एवं मेजर ऑपरेशनों का सफल संचालन संभव हो पाया है और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिली है।
01 जून 2026 से शुरू हुई सर्जिकल सेवाओं ने महज 60 दिनों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने दो माह के भीतर 31 सफल ऑपरेशन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इनमें 22 जटिल सिजेरियन (LSCS) प्रसव तथा 09 अन्य मेजर ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं। यह उपलब्धि न केवल अस्पताल की दक्षता को दर्शाती है, बल्कि मेडिकल टीम की प्रतिबद्धता और समर्पण का भी प्रमाण है।
पहले एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की अनुपलब्धता के कारण गंभीर मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को रायगढ़, बिलासपुर अथवा निजी अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था। इससे गरीब और ग्रामीण परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता था तथा आपात स्थिति में समय की भी भारी क्षति होती थी। अब जिला अस्पताल में ही सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और पूरी तरह नि:शुल्क सर्जिकल सेवाएं उपलब्ध होने से मरीजों को बड़ी राहत मिली है। इससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि केवल दो महीनों में 31 सफल ऑपरेशन होना अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम की कर्मठता और क्षेत्र की जनता के बढ़ते विश्वास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में मरीजों एवं प्रसूताओं की बेहतर देखभाल के लिए चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों की टीम 24 घंटे सेवाएं दे रही है।
डॉ. दीपक जायसवाल ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में उच्चस्तरीय, सुरक्षित और नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। किसी भी स्वास्थ्य समस्या, दुर्घटना अथवा संस्थागत प्रसव के लिए लोग बिना संकोच जिला अस्पताल पहुंचें और शासन की इन उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उनकी कार्यशैली और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता के चलते जिला चिकित्सालय सारंगढ़ आज पूरे क्षेत्र के लिए भरोसे और बेहतर उपचार का मजबूत केंद्र बनता जा रहा है।





