सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों और भटगांव तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता और राजस्व कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं विद्यार्थियों से सवाल पूछे, ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न लिखवाकर हल कराए और कमजोर छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए।
विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल कटेली में कलेक्टर ने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों से हिंदी पाठ का वाचन कराया तथा ‘गुल्ली-डंडा’ के लेखक के बारे में पूछा। विद्यार्थियों ने सही उत्तर देते हुए प्रेमचंद का नाम बताया। उन्होंने छत्तीसगढ़ी लोकगीत, संस्कृत के सुभाषित और अन्य विषयों की पढ़ाई की प्रगति की जानकारी ली। कक्षा शिक्षक से पाठ्यक्रम की स्थिति पूछी, जिसमें बताया गया कि चार पाठ पूरे हो चुके हैं। विद्यार्थियों से पसंदीदा विषय पूछने पर अधिकांश ने गणित और हिंदी को अपनी पहली पसंद बताया।
कलेक्टर ने घोषणा की कि जिले के सभी विद्यालयों में हर माह के प्रथम सोमवार को पुस्तक वाचन गतिविधि आयोजित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि, भाषा दक्षता और अध्ययन की आदत विकसित हो सके।
इसके बाद कलेक्टर ने बिलाईगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवनी का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 10वीं के गणित विषय के ‘रियल नंबर’ अध्याय से संबंधित प्रश्न ब्लैकबोर्ड पर लिखकर विद्यार्थियों से हल कराया। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षक को सरल एवं प्रभावी तरीके से पढ़ाने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए अलग से बेसिक कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वयं भी विद्यार्थियों को प्रश्न हल कराकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कक्षा 12वीं की बायोलॉजी एवं गणित तथा कक्षा 10वीं की अंग्रेजी कक्षा का भी निरीक्षण किया और जिन विद्यार्थियों की अंग्रेजी रीडिंग कमजोर मिली, उनके लिए विशेष अभ्यास कराने के निर्देश दिए।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलाईगढ़ में कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीनेशन की जानकारी लेते हुए पात्र छात्राओं का पालकों की सहमति से अधिकाधिक टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों की पुस्तक वाचन गतिविधि और अंग्रेजी पढ़ने की क्षमता का भी परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भटगांव तहसील कार्यालय पहुंचकर लोक सेवा केंद्र, नकल शाखा, कानूनगो शाखा तथा उप पंजीयक कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों, आरबीसी 6-4, स्वामित्व योजना एवं अन्य राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा, भाषा दक्षता, गणितीय समझ और नियमित पुस्तक वाचन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर हो सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रफुल रजक, तहसीलदार कमलेश सिदार, बीईओ सत्य नारायण साहू, नरेश चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





