सारंगढ़। मानव सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे होप वेलफेयर फाउंडेशन, सारंगढ़ (छत्तीसगढ़) के संस्थापक खिलेश साहू को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के कर-कमलों से लोक भवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में प्रदान किया गया।
यह सम्मान रक्तदान के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए उनके निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है। सम्मान प्राप्त होने पर खिलेश साहू ने भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी एवं इस अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि उन सभी निस्वार्थ रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों, समाजसेवियों और सहयोगियों का सम्मान है, जो मानव सेवा के इस पुनीत अभियान में निरंतर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने तथा मानवता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य जारी रहेगा।
खिलेश साहू ने लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है। आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।” उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।


