सारंगढ़। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक तक आयुष्मान भारत योजना का लाभ पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के कुशल नेतृत्व तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के सतत मार्गदर्शन में सारंगढ़ जिले ने आयुष्मान भारत कार्ड पंजीयन अभियान में शानदार उपलब्धि दर्ज की है।
प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली का परिणाम यह रहा कि राज्य स्तरीय रैंकिंग में सारंगढ़ जिले ने मात्र एक माह के भीतर 7 पायदान की छलांग लगाते हुए 12वां स्थान हासिल कर लिया है। यह उपलब्धि जिले के स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक टीम के समन्वित प्रयासों का प्रमाण मानी जा रही है।
जिले में अब तक लगभग 94 प्रतिशत पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान भारत कार्ड पंजीयन पूरा किया जा चुका है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांव-गांव और वार्ड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए तथा लोगों को योजना के प्रति जागरूक करते हुए मौके पर ही पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई।
इस सफलता के पीछे कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की नियमित मॉनिटरिंग और समय-समय पर आयोजित समीक्षा बैठकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने स्वास्थ्य अमले को पूरी प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया, जिससे जिले को यह उल्लेखनीय सफलता मिली।
आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीयन बढ़ने से अब जिले के अधिक से अधिक पात्र नागरिक राज्य एवं देश के सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। जिला प्रशासन का लक्ष्य शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करना है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से वंचित न रहे।
जिला प्रशासन ने शेष बचे पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे शीघ्र अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पहुंचकर आयुष्मान भारत कार्ड बनवाएं और योजना का लाभ उठाएं।


