सारंगढ़-बिलाईगढ़ |

जिला मुख्यालय में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में मंगलवार को ग्राम पंचायत मुड़पार (स) के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उप सरपंच और पंचों की अगुवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सचिव छतराम साहू पर भ्रष्टाचार, खुलेआम रिश्वतखोरी और पद के दुरुपयोग के संगीन आरोप लगाते हुए कलेक्टर महोदया को शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में सचिव को तत्काल पद से हटाने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रशासन ने टोकन क्रमांक 2310126002156 के तहत मामला दर्ज कर जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मुख्यालय से रहते हैं नदारद-
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि सचिव छतराम साहू की कार्यप्रणाली और व्यवहार आम जनता के प्रति अत्यंत निराशाजनक है। वह शासकीय कार्यों के लिए निर्धारित पंचायत भवन में बैठने के बजाय अपने निजी घर से काम करते हैं। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, सुधार कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को उनके घर के चक्कर काटने पड़ते हैं। इस मनमानी के कारण सबसे ज्यादा परेशानी गांव के बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है।
बिना पैसे हस्ताक्षर करने से इनकार-
ग्रामीणों का कहना है कि सचिव बिना रिश्वत लिए किसी भी वैध सरकारी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से साफ मना कर देते हैं। यदि कोई काम के लिए दबाव बनाता है, तो उसे सीधे अपने घर आने को कहा जाता है। इसके अलावा सचिव पर अक्सर शराब के नशे में रहने का भी संगीन आरोप है, जिससे पंचायत की मर्यादा तार-तार हो रही है।
तय है रिश्वत की ‘रेट लिस्ट-
ग्रामीणों ने सचिव द्वारा चलाई जा रही कथित ‘रेट लिस्ट’ का खुलासा करते हुए निम्नलिखित आरोप लगाए हैं कि बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों की पेंशन बनवाने के लिए ₹1,500 की मांग की जाती है।
नया राशन कार्ड बनाने के एवज में ₹4,000 ऐंठे जा रहे हैं। वहीं, 10 किलो मिलने वाले राशन को नियमानुसार 35 किलो करवाने के लिए ₹3,000 से ₹3,500 तक मांगे जा रहे हैं।
गांव की एक मृतिका श्रीमती कौशिल्या साहू का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए ₹3,000 की मांग की गई है, जिसके कारण पिछले 4 महीनों से उनका प्रमाण पत्र अटका हुआ है।
बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण-
सचिव की इस तानाशाही के खिलाफ ग्राम पंचायत मुड़पार (स) के उप सरपंच राजेश कुमार, पंच मिथिलेश, मुकेश सहित गांव के प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं (यात्री साहू, गीतु साहू, धनेश्वरी टंडन, सीता बाई, नीरा, कमला बाई, मोहन बाई, प्रियंका, लोकेश्वरी, बबली आदि) अंगूठे के निशान और हस्ताक्षरों के साथ जिला कार्यालय पहुंचे थे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि भ्रष्ट सचिव पर जल्द कार्रवाई कर उन्हें सेवा से मुक्त नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

