रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों के लिए राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन ऐतिहासिक साबित हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने NHM कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा की। इस ऐलान के बाद प्रदेशभर के हजारों कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। महासम्मेलन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से भी बड़ी संख्या में NHM कर्मचारी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि NHM कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में NHM कर्मियों का योगदान अतुलनीय है और राज्य सरकार उनके कार्यों का सम्मान करती है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान NHM कर्मचारियों द्वारा निभाई गई सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा की। आज भी प्रदेश के सुदूर अंचलों में स्वास्थ्य कर्मी समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि जशपुर से सुकमा तक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में NHM कर्मचारियों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की कई मांगों का निराकरण किया जा चुका है तथा स्थानांतरण नीति भी लागू कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि अब NHM कर्मचारी कैशलेस उपचार योजना का लाभ ले सकेंगे। साथ ही जीवन बीमा योजना के तहत सामान्य मृत्यु की स्थिति में 6 लाख रुपये तथा दुर्घटना में मृत्यु अथवा स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 1 करोड़ 40 लाख रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री द्वारा हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा के बाद NHM कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गजमाला पहनाकर उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, प्रदेश NHM कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी सहित प्रदेशभर के स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ NHM कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष योगेश्वर चन्द्रम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह घोषणा कर्मचारियों के लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष का सम्मान है। उन्होंने महासम्मेलन की सफलता में सहयोग देने वाले जिले के सभी NHM साथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। महासम्मेलन में जिले को संघ सम्मान से भी सम्मानित किया गया।





