सारंगढ़। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी के निर्देश पर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती बैजयंती नंदू लहरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।
श्रीमती लहरे ने कहा कि “नारी तू नारायणी” की भावना आज भारत में साकार होती दिखाई दे रही है। पिछले 12 वर्षों में महिला सशक्तिकरण के लिए चलाए गए व्यापक अभियान ने देश की बेटियों, बहनों और माताओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। आज भारतीय महिलाएं केवल परिवार की जिम्मेदारियां ही नहीं निभा रही हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि खेतों में मेहनत करने से लेकर अंतरिक्ष में उपग्रह प्रक्षेपण तक महिलाएं अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर उद्यमिता की नई मिसाल कायम कर रही हैं, वहीं बेटियां डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और पायलट बनकर देश का नाम रोशन कर रही हैं। सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश की बदलती तस्वीर को दर्शाती है।
श्रीमती लहरे ने बताया कि उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा महिला आरक्षण जैसे ऐतिहासिक कदमों ने करोड़ों महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास प्रदान किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं के नाम पर पक्के मकान मिलने से उनके जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना जैसी पहल प्रभावी साबित हो रही है। गांव-गांव में महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य ‘लखपति दीदी’ बनकर आत्मनिर्भरता और सफलता की नई कहानियां लिख रही हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियों का नामांकन रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा है। रोजगार, स्टार्टअप, कॉरपोरेट, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। चंद्रयान-3 और गगनयान मिशन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में महिला वैज्ञानिकों की भूमिका देश के लिए गौरव का विषय है। पंचायतों और स्थानीय निकायों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी लोकतंत्र को नई मजबूती प्रदान कर रही है।
श्रीमती लहरे ने कहा कि आज भारत की नारी घर से लेकर सीमा तक और जमीन से लेकर अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही है। यह परिवर्तन केवल विकास के आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि नए भारत की उस मजबूत नींव का प्रतीक है, जिसमें नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की अभिन्न भागीदार बन चुकी है।


