नईदुनिया। राजनांदगांव की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर महक नरवासे का चयन श्रीलंका दौरे पर जाने वाली भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें टीम का उपकप्तान (वाइस कैप्टन) भी नियुक्त किया है।

महक के चयन से प्रदेश में खुशी का माहौल है और इसे छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
हर आयु वर्ग में दिखाया दमदार प्रदर्शन
महक पिछले कई वर्षों से छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम की प्रमुख खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने अंडर-15, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला टीम में राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। वर्तमान में वह बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में प्रशिक्षण ले रही हैं।
श्रीलंका दौरे पर निभाएंगी बड़ी जिम्मेदारी
भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 टी-20 शृंखला 22 जून से शुरू होगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच वनडे मुकाबले भी खेले जाएंगे। महक दोनों प्रारूपों में भारतीय टीम की उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी।
बल्ले और गेंद दोनों से किया प्रभावित
महिला अंडर-19 वनडे ट्राफी 2025-26 में महक ने चार मैचों में 67 रन बनाए। पंजाब के खिलाफ 30 और विदर्भ के खिलाफ 24 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। गेंदबाजी में उन्होंने 41.4 ओवर में 148 रन देकर आठ विकेट हासिल किए। बिहार के खिलाफ तीन विकेट लेकर उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की।
महिला अंडर-23 टी-20 ट्राफी में भी उन्होंने 53 रन बनाने के साथ सात विकेट झटके। वहीं महिला अंडर-19 टी-20 ट्राफी में चार मैचों में पांच विकेट हासिल किए। गोवा के खिलाफ चार विकेट लेकर उन्होंने विरोधी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया था।
- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
