रायगढ़, 12 जून। महिला थाना रायगढ़ में दर्ज एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम बंजारी से गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह आरोपी अनिल ईजारदार को हाईस्कूल के समय से जानती थी। वर्ष 2013 में उसकी शादी हो गई थी, लेकिन वर्ष 2019 में फेसबुक के माध्यम से दोनों का दोबारा संपर्क हुआ। इसके बाद मोबाइल और व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई।
शिकायत के अनुसार 25 दिसंबर 2020 को चंद्रपुर बस स्टैंड में आरोपी ने महिला को वाहन से घर छोड़ने का झांसा देकर अपनी कार में बैठाया और गांव के पास खेत की ओर ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे वीडियो भी बना लिया। बाद में उसी वीडियो और तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर वह महिला को लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि सामाजिक बदनामी के डर से वह लंबे समय तक आरोपी के दबाव में रही। आरोपी लगातार धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा और विभिन्न बहानों से उससे नगद रकम एवं जेवरात हासिल करता रहा। महिला के अनुसार वर्ष 2020 से मई 2026 तक आरोपी ने लगभग 35 लाख रुपये की अवैध वसूली की तथा लगातार और पैसों की मांग करता रहा।
पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m), 351(3) एवं 308(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। महिला ने यह भी बताया कि आरोपी की प्रताड़ना से वह मानसिक रूप से इतनी परेशान हो चुकी थी कि उसके मन में आत्महत्या जैसे विचार भी आने लगे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल ईजारदार (32 वर्ष), निवासी ग्राम बंजारी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 13 Y 8772 तथा आईक्यू कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, प्रधान आरक्षक संदीप भगत तथा आरक्षक राज सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर हुई पहचान या दोस्ती का कोई व्यक्ति यदि डराकर, धमकाकर, ब्लैकमेल कर शारीरिक अथवा आर्थिक शोषण करता है तो महिलाएं भयभीत न हों और तत्काल पुलिस से संपर्क करें। रायगढ़ पुलिस हर पीड़िता को संवेदनशीलता के साथ न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
