सारंगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून 2026 को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अनेक कैबिनेट मंत्री, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
महासम्मेलन में प्रदेशभर के ग्रामीण एवं शहरी उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालयों, मेडिकल कॉलेजों, मंत्रालय तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत 18 हजार से अधिक NHM कर्मचारी एवं अधिकारी अपने परिवारों के साथ शामिल होंगे। यह आयोजन स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे कर्मचारियों की एकजुटता, समर्पण और संगठनात्मक शक्ति का विराट प्रदर्शन माना जा रहा है।
महासम्मेलन को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक तैयारियां की गई हैं। कर्मचारियों में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में सहभागी पहले ही रायपुर पहुंच चुके हैं। यह सम्मेलन कर्मचारियों के हितों, भविष्य की दिशा और संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि NHM कर्मचारी संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया था, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया। मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद प्रदेशभर के कर्मचारियों में उत्साह कई गुना बढ़ गया है।
NHM कर्मचारी संघ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिलाध्यक्ष योगेश्वर चन्द्रम ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों एवं स्वास्थ्य संस्थानों से बड़ी संख्या में कर्मचारी महासम्मेलन में भाग लेने रायपुर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह महासम्मेलन NHM कर्मचारियों की एकता, समर्पण एवं संगठनात्मक शक्ति का ऐतिहासिक प्रदर्शन होगा और कर्मचारियों के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा।



- NHM महासम्मेलन में उमड़ेगा 18 हजार कर्मचारियों का जनसैलाब, CM साय होंगे मुख्य अतिथि… - June 12, 2026
- एएसपी अविनाश मिश्रा की रणनीति का कमाल, 14 दिन में सुलझा ब्लाइंड मर्डर केस… - June 12, 2026
- छत्तीसगढ़:वाशिंग पाउडर की आड़ में चल रहा था नकली गुटखे का खेल, पुलिस ने 12 आरोपियों को दबोचा… - June 12, 2026

