सारंगढ़। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की जिला इकाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को लेकर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इंडस्ट्रियल पार्क हेतु भूमि उपलब्ध कराने, नजूल भूमि के रिकॉर्ड का शीघ्र अद्यतन करने, चैंबर भवन कार्यालय के लिए भूमि आवंटन सहित व्यापार एवं नगर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को कलेक्टर के समक्ष विस्तार से रखा।
बैठक के दौरान नजूल रिकॉर्ड अपडेट से संबंधित अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री साहू भी उपस्थित रहे। व्यापारिक प्रतिनिधियों ने नजूल भूमि रिकॉर्ड में आ रही समस्याओं और उनके समाधान की आवश्यकता पर विशेष चर्चा की। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कलेक्टर ने कहा कि व्यापारियों की जायज मांगों और विकास से जुड़े प्रस्तावों पर प्रशासन सकारात्मक पहल करेगा तथा आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि इंडस्ट्रियल पार्क, नजूल रिकॉर्ड अद्यतन और चैंबर भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल, प्रदेश मंत्री दीपक केजरीवाल, जिला अध्यक्ष संगीत सिंह ठाकुर, वरिष्ठ सदस्य विश्वनाथ बहिदार एवं रिंकू केसरवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में चैंबर पदाधिकारियों ने कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों का सकारात्मक सहयोग और संवेदनशीलता के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।


