सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले की सहकारी संस्था में हुए एक बड़े वित्तीय अनियमितता मामले का खुलासा हुआ है। सहकारिता विभाग की जांच में किसानों के नाम पर फर्जी तरीके से ऋण वितरण कर 13 लाख 85 हजार 339 रुपये 58 पैसे की वित्तीय अनियमितता सामने आई है। मामले में समिति प्रबंधक समेत तीन कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कार्यालय सहायक आयुक्त सहकारिता, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा जारी पत्र के अनुसार समिति पुरगांव क्रमांक 241 में हुई अनियमितताओं की जांच सहकारिता विस्तार अधिकारी बिलाईगढ़ द्वारा की गई। जांच प्रतिवेदन में खुलासा हुआ कि समिति में किसानों के नाम पर फर्जी ऋण वितरण कर राशि का गबन किया गया।
जांच के दौरान यह पाया गया कि तत्कालीन प्रभारी समिति प्रबंधक राजेश कुमार डडसेना, कंप्यूटर ऑपरेटर रामकुमार डडसेना तथा कृषक मित्र उमेशराम वर्मा ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। आरोप है कि किसानों से विभिन्न दस्तावेजों में हस्ताक्षर करवाकर उनके नाम पर ऋण स्वीकृत किया गया और राशि का दुरुपयोग किया गया।
प्रतिवेदन के अनुसार 9 किसानों के खातों में राशि वृद्धि कर फर्जी ऋण वितरण के माध्यम से 8 लाख 74 हजार 250 रुपये 94 पैसे तथा अन्य 5 किसानों के मामलों में 5 लाख 11 हजार 088 रुपये 64 पैसे की अनियमितता की गई। इस प्रकार कुल 13 लाख 85 हजार 339 रुपये 58 पैसे का गबन सामने आया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक आयुक्त सहकारिता ने संबंधित अधिकारियों को दोषियों के विरुद्ध गबन, धोखाधड़ी एवं वित्तीय अनियमितता के प्रकरण दर्ज कराने तथा संबंधित पुलिस थाने में तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर, शाखा भटगांव तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।
इसके अलावा प्राथमिक कृषि साख सेवा सहकारी समिति पुरगांव को निर्देशित किया गया है कि जांच में दोषी पाए गए कर्मचारियों के विरुद्ध कर्मचारी सेवा नियम 2018 की धारा 16.4 के तहत तीन दिवस के भीतर विभागीय कार्रवाई कर उसकी जानकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
इस कार्रवाई के बाद जिले के सहकारी संस्थानों में हड़कंप मच गया है। किसानों के हितों से जुड़े इस मामले में अब पुलिस जांच और विभागीय कार्रवाई के बाद कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






