सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जून 2026।
सुशासन तिहार 2026 का अंतिम शिविर सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम गोड़म में उत्साह और जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत सदस्य लता लक्ष्मे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
शिविर में कुल 696 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 480 तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के 104 आवेदन प्रमुख रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई। विभाग द्वारा रेडी-टू-ईट सामग्री से तैयार छत्तीसगढ़ी व्यंजन एवं पौष्टिक आहार का आकर्षक प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी कलेक्टर ने सराहना की।
शिविर में महिला स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों द्वारा हल्दी पाउडर, मनिहारी सामग्री एवं अन्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। कलेक्टर ने महिलाओं के उद्यमशील प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर लखपति दीदियों ने अपने सफलता के अनुभव साझा किए, जिससे अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिली।
समाज कल्याण विभाग द्वारा एक वृद्धजन को ट्राइसाइकिल तथा तीन वृद्धजनों को छड़ी प्रदान की गई। वहीं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से हितग्राहियों को सामग्री एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। आठ पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए गए, जबकि पेंशन के लिए प्राप्त 16 आवेदनों का तत्काल निराकरण कर हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो हितग्राहियों को पोषण आहार एवं दो लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच महिला स्व-सहायता समूहों को चेक वितरित किए गए तथा छह लखपति दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एफपीओ के माध्यम से चयनित दीदियों को धान का वितरण भी किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कृषि विभाग ने तीन किसानों को ऋण पुस्तिका वितरित की, जबकि मत्स्य पालन विभाग द्वारा दो हितग्राहियों को मछली पकड़ने के जाल एवं आइस बॉक्स उपलब्ध कराए गए। उद्यानिकी विभाग ने 11 महिलाओं को फलदार पौधों का वितरण किया।
कार्यक्रम में सभी हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जनप्रतिनिधियों के करकमलों से प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, एसडीएम वर्षा बंसल, जनपद पंचायत सीईओ राधेश्याम नायक, तहसीलदार प्रकाश पटेल, नंदकिशोर सिन्हा, जनप्रतिनिधिगण तथा जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार के अंतिम शिविर ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने और समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक प्रभावी मंच के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



- MMGSY सड़क निर्माण में मानकों का कत्लेआम, महकमे की चुप्पी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा!करोड़ों की सड़क, 4 इंच की मोटाई?तिनके की तरह बिखरने लगी मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना की साख! - June 10, 2026
- सारंगढ़:13.85 लाख के सहकारी घोटाले का खुलासा: किसानों के नाम पर फर्जी ऋण वितरण, समिति प्रबंधक सहित तीन कर्मचारियों पर FIR के निर्देश… - June 10, 2026
- सुशासन तिहार का भव्य समापन: गोड़म शिविर में 696 आवेदन, हितग्राहियों को मिली सौगातों की सौगात… - June 10, 2026

