सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जून 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम गोड़म में स्वास्थ्य केंद्र, महतारी सदन, जेंडर रिसोर्स सेंटर एवं विभिन्न आजीविका गतिविधियों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों, महिलाओं, छात्राओं एवं ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की योजनाओं और सेवाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने महिलाओं के लिए निर्माणाधीन महतारी सदन एवं प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबे समय से बंद पड़े मुर्रा मिल तथा आलू चिप्स और मिक्सचर निर्माण इकाइयों का भी अवलोकन किया और इनके पुनः संचालन की संभावनाओं पर अधिकारियों से चर्चा की। जेंडर रिसोर्स सेंटर का निरीक्षण करते हुए वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी भी ली।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोड़म में कलेक्टर ने ओपीडी एवं आईपीडी रजिस्टरों का अवलोकन कर मरीजों की संख्या और उपचार व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, चिकित्सक कक्ष, आयुष इकाई, प्रसव कक्ष, औषधि भंडार और प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। दवा भंडार में उपलब्ध औषधियों की एक्सपायरी तिथि की जांच करते हुए फार्मासिस्ट से एंटी स्नेक वेनम एवं रेबीज रोधी दवाओं की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में उपचार हेतु आए मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। ब्लड टेस्ट कराने आए बच्चों से भी बातचीत की। प्रयोगशाला में मशीनों की कार्यशीलता का परीक्षण करते हुए उन्होंने स्वयं शुगर टेस्ट कराकर उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया जा सके।
इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी टीकाकरण उपरांत स्कूली छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कलेक्टर ने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया। वहीं ब्लड ग्रुप जांच के लिए पहुंचे स्कूली बच्चों से भी संवाद कर उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने, आवश्यक दवाओं एवं संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
भेड़वन समिति में खाद वितरण व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने ग्राम भेड़वन स्थित प्राथमिक सेवा सहकारी समिति का भी दौरा किया। उन्होंने यूरिया, डीएपी एवं नैनो खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया। किसानों से चर्चा कर यह जानकारी ली कि उन्हें समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद मिल रही है या नहीं। किसानों ने खाद उपलब्धता को संतोषजनक बताया।
समिति प्रबंधक बिजेंद्र ने कलेक्टर को बताया कि किसानों की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है। इसके पश्चात कलेक्टर ने खाद भंडारण गोदाम का निरीक्षण कर उपलब्ध स्टॉक की जानकारी ली तथा किसानों को निर्बाध खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि कृषि सीजन में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

- ऑपरेशन आघात का बड़ा वार! 43 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार… - September 14, 2026
- JSW प्लांट में साइबर सुरक्षा की पाठशाला, पुलिस ने बताया ठगी से बचने का तरीका… - September 14, 2026
- गड्ढों में डूबा बिलाईगढ़! गौरव पथ बना जानलेवा, रोज गिर रहे बाइक सवार… - September 14, 2026
