सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 जून 2026। जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश एवं उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में उर्वरक निरीक्षकों द्वारा लगातार औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को उर्वरक निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता ने सरसीवा क्षेत्र के विभिन्न कृषि आदान विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स महामाया ट्रेडर्स, मेसर्स ऋषि ट्रेडर्स एवं मेसर्स प्रकाश ट्रेडर्स का परीक्षण किया गया। जांच में अनियमितता पाए जाने पर मेसर्स प्रकाश ट्रेडर्स, पेंड्रावन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कृषि विभाग के अनुसार जिले में अब तक 57 निजी एवं सहकारी विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है।

अनियमित कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई

कृषि विभाग द्वारा की गई जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर अब तक 27 विक्रय केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं 8 विक्रय केंद्रों की अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) निलंबित कर दी गई है। इसके अलावा कालाबाजारी से जुड़ा एक मामला कलेक्टर न्यायालय में विचाराधीन है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरक नियंत्रण आदेश (एफसीओ) 1985 के तहत किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या किसानों के साथ धोखाधड़ी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त खाद और बीज उपलब्ध
जिले में खरीफ सीजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। वर्तमान में जिले में 16,805.360 मीट्रिक टन रासायनिक खाद तथा 15,801 क्विंटल बीज उपलब्ध है। किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में भंडारण किया गया है।
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 25,390 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का भंडारण किया गया था, जिसमें से अब तक 8,554 मीट्रिक टन खाद का वितरण किया जा चुका है। इसी प्रकार 5,053 क्विंटल बीज किसानों को वितरित किया गया है।
सहकारी क्षेत्र में अब तक 12,295 मीट्रिक टन यूरिया, 1,608 मीट्रिक टन डीएपी, 1,489 मीट्रिक टन एनपीके, 996 मीट्रिक टन एमओपी तथा 1,266 मीट्रिक टन अन्य उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। यह मात्रा खरीफ वर्ष 2025 में वितरित खाद की तुलना में लगभग 66 प्रतिशत के बराबर है।
भ्रामक खबरों से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे खाद की कमी या वितरण संबंधी किसी भी प्रकार की अफवाहों और भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। प्रशासन किसानों के हित में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुगम वितरण सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद एवं बीज प्राप्त करने के लिए अधिकृत विक्रय केंद्रों से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
- इतिहास रचने वाले प्रधानमंत्री: नरेंद्र मोदी ने बनाया सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड… - June 8, 2026
- सारंगढ़:खरीफ सीजन से पहले प्रशासन सख्त, खाद-बीज दुकानों पर ताबड़तोड़ निरीक्षण, 27 केंद्रों को नोटिस, 8 की अनुज्ञप्ति निलंबित… - June 8, 2026
- सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत..पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे और रोजगार की मांग… - June 8, 2026

