सारंगढ़-बिलाईगढ़, 3 जून 2026। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय गुरुवार को अचानक जिले के ग्राम भीखमपुरा स्थित सपेरा बस्ती पहुंचे और वहां रह रहे परिवारों से सीधे संवाद कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सबसे जरूरतमंद लोगों तक सबसे पहले योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
करीब 35 से 40 वर्षों से झुग्गी-झोपड़ियों में रहकर सपेरा समुदाय अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। राज्य सरकार की पहल से अब इस बस्ती में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। यहां के परिवारों को प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, पेयजल सुविधा, ट्रायसाइकिल सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है।

50 परिवारों को मिल रहा पक्का आशियाना

सपेरा बस्ती के 65 परिवारों में से 50 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। आवास निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। मकानों में रसोईघर, शौचालय, आंगन और बाड़ी जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने इन आवासों की छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने की भी घोषणा की।
राशन, पेंशन और महतारी वंदन का लाभ
बस्ती के लगभग 60 परिवारों का राशन कार्ड बन चुका है, जिससे उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न प्राप्त हो रहा है। वहीं पात्र बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत 62 परिवारों में से अधिकांश महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है।
हर घर तक पहुंच रहा स्वच्छ पेयजल
पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए फरवरी माह में बोर खनन कराया गया। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन प्रदान करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच
सपेरा बस्ती के लगभग सभी परिवारों का आयुष्मान कार्ड बन चुका है, जिसके माध्यम से पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदन योजना का भी लाभ दिया गया है।
सड़क और नाली से बदली बस्ती की तस्वीर
मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत लगभग 13 लाख रुपये की लागत से मुख्य सड़क से बस्ती तक सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। वहीं पीएम आवास कॉलोनी के लिए करीब 8 लाख रुपये की लागत से पक्की नाली का निर्माण किया गया है, जिससे स्वच्छता और आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हुई है।
मुख्यमंत्री के इस आकस्मिक दौरे से सपेरा बस्ती के लोगों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं से जीवन में आए बदलाव के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।



