बिलाईगढ़। खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच किसानों को वैज्ञानिक, टिकाऊ और लाभकारी खेती की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा 1 जून से 30 जून तक जिलेभर में ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ कृषि मंत्रालय एवं उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के तहत कृषि वैज्ञानिक और विभागीय अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती की जानकारी दे रहे हैं।
इसी कड़ी में विकासखंड बिलाईगढ़ के ग्राम सोनियाडीह, धनसीर, बेगपाली, बिसनपुर, अर्जुनी एवं पेंड्रावन में कृषि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कृष्ण कुमार साहू ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए विभिन्न कृषि योजनाओं, नवाचारों और खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को खेत बचाओ अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा धान की खेती के क्षेत्र विस्तार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर प्रकाश कुमार थवाईत ने जैविक खेती, गोबर खाद, बीजामृत, जीवामृत, हरी खाद एवं ढैंचा के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा खेती की लागत कम करने के उपाय बताए।
वहीं क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दीनानाथ साहू ने फसल प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने हरी खाद ढैंचा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को ढैंचा बीज का वितरण भी किया।
इस अवसर पर किसान मित्र रमेश लाल पटेल सहित कृषक सेतराम, रशिया साहू, बीरबल महावीर, नर्सिंग पटेल एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कृषि चौपाल के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीकों एवं प्राकृतिक खेती से जोड़ने का प्रयास सराहनीय माना जा रहा है।


