बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ शिक्षक कांग्रेस संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सत्यनारायण साहू से मुलाकात कर शिक्षकों एवं कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा 10 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निराकरण की मांग की। इस दौरान अधिकारियों और संघ पदाधिकारियों के बीच विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षणिक विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।
संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ शिक्षक कांग्रेस संघ एक पंजीकृत एवं शासन मान्यता प्राप्त संगठन है, जो राष्ट्रहित, विद्यार्थी हित और शिक्षक हित में संविधान सम्मत तरीके से कार्य करता है। संगठन द्वारा पूर्व में भी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी लंबित हैं। इन्हीं समस्याओं के समाधान हेतु पुनः बीईओ कार्यालय पहुंचकर मांगों को प्रमुखता से रखा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 की आयकर कटौती राशि की जानकारी, वर्ष 2012 से शिक्षकों के वेतन से कटी एनपीएस राशि की स्थिति, गोपनीय प्रतिवेदन एवं कार्य निष्पादन प्रतिवेदन की तैयारी, सेवा पुस्तिका अद्यतन करने हेतु विशेष शिविर, स्कूलों में समय पर पाठ्यपुस्तकों और गणवेश की उपलब्धता, शौचालयों की मरम्मत, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वत्व भुगतान, पेंशन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण, वरिष्ठता सूची के प्रकाशन तथा टीईटी संबंधी विभागीय आदेशों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
संघ ने जोर देकर कहा कि नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने से पहले सभी प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्थाएं दुरुस्त होना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सके और कर्मचारियों की समस्याओं का भी समय पर समाधान हो सके।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सत्यनारायण साहू ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए नियमानुसार त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान विभाग की प्राथमिकता है तथा लंबित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर संघ के प्रांतीय सचिव नरेंद्र कुमार साहू, जिलाध्यक्ष कामता प्रसाद साहू, जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र राय, भटगांव तहसील अध्यक्ष फिरतराम सायतोड़े, जिला संयुक्त सचिव दरसराम राजेत्री, वरिष्ठ सलाहकार रेशमलाल देवांगन, कार्यकारिणी सदस्य गोपाल रौशिक एवं चन्द्रशेखर सारथी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संघ ने उम्मीद जताई है कि प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक पहल होने से शिक्षकों और कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।




- 5 जून को हर ग्राम पंचायत में गूंजेगा स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश: विशेष ग्राम सभा में होंगे अहम संकल्प… - June 3, 2026
- खनिज माफियाओं पर प्रशासन का कड़ा प्रहार: नियम उल्लंघन पर क्रेशर सील, जारी हुआ कारण बताओ नोटिस… - June 3, 2026
- सारंगढ़:शिक्षकों की 10 सूत्रीय मांगों पर गरजी शिक्षक कांग्रेस, बीईओ से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन… - June 3, 2026

