सारंगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 3 जून 2026 को ग्राम गुडेली में जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुडेली स्थित टोनही तालाब के पास कुछ लोग ताश पत्तियों के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया।

6 हजार रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद

पुलिस टीम ने मौके से विश्वकर्मा भास्कर, अवधराम मानिकपुरी, किशोर पटेल एवं लकेश पटेल को जुआ खेलते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 6,000 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी साक्ष्य संकलित किए।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया गया।
प्रमोद यादव की कार्यशैली से अपराधियों में खौफ
क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से थाना प्रभारी प्रमोद यादव की कार्यशैली की सराहना हो रही है। उनके नेतृत्व में कोतवाली पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ-साथ समाज में कानून का सम्मान बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के साथ प्रधान आरक्षक भंवर काटले, संजय भारद्वाज एवं चंदन दिनकर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध जुआ-सट्टा, नशे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और अपराधमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
- 5 जून को हर ग्राम पंचायत में गूंजेगा स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश: विशेष ग्राम सभा में होंगे अहम संकल्प… - June 3, 2026
- खनिज माफियाओं पर प्रशासन का कड़ा प्रहार: नियम उल्लंघन पर क्रेशर सील, जारी हुआ कारण बताओ नोटिस… - June 3, 2026
- सारंगढ़:शिक्षकों की 10 सूत्रीय मांगों पर गरजी शिक्षक कांग्रेस, बीईओ से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन… - June 3, 2026

