सारंगढ़।
सारंगढ़ जिला चिकित्सालय ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार सफल एलएससीएस (सिजेरियन) ऑपरेशन संपन्न कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्षों से जिस सुविधा का इंतजार जिले की जनता कर रही थी, वह सपना आज साकार हो गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के दूरदर्शी नेतृत्व, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव तथा सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के सतत प्रयासों का परिणाम है कि जिला अस्पताल अब जटिल प्रसव जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान करने में सक्षम हो गया है।

एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की तैनाती के साथ खुला नई सुविधा का रास्ता

जिला अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन की शुरुआत लंबे समय से एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की कमी के कारण संभव नहीं हो पा रही थी। इस चुनौती को दूर करने के लिए जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन लगातार प्रयासरत थे। अंततः संचालक चिकित्सा शिक्षा द्वारा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. कुन्ती नायक की सेवाएं जिला चिकित्सालय सारंगढ़ को प्रदान की गईं। डॉ. नायक के कार्यभार ग्रहण करते ही अस्पताल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए 01 जून 2026 को पहला सिजेरियन ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न कर इतिहास रच दिया।
डॉ. रानू मनहर और टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन की जिम्मेदारी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू मनहर ने संभाली। उनकी कुशल अगुवाई में मेडिकल टीम ने पूरी सावधानी, विशेषज्ञता और समर्पण के साथ ऑपरेशन को सफल बनाया। ऑपरेशन के बाद नवजात शिशु की किलकारी गूंजते ही अस्पताल परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। वर्तमान में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकों की निगरानी में हैं।
अब जिले में ही मिलेगी सिजेरियन प्रसव की सुविधा
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि यह केवल एक सफल ऑपरेशन नहीं, बल्कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में नए युग की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की गर्भवती महिलाओं को सिजेरियन या जटिल प्रसव के लिए रायगढ़, बिलासपुर अथवा निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह महंगी और महत्वपूर्ण सुविधा अब जिला चिकित्सालय में ही निःशुल्क उपलब्ध होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में यह सुविधा प्रति सप्ताह सोमवार एवं मंगलवार को उपलब्ध रहेगी, जिससे जिले के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
जिलेभर में खुशी और गर्व का माहौल
जिला अस्पताल की इस उपलब्धि से पूरे सारंगढ़ अंचल में हर्ष का वातावरण है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, सीएमएचओ डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव, सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल, डॉ. कुन्ती नायक, डॉ. रानू मनहर तथा पूरी चिकित्सा टीम को बधाई देते हुए इसे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मील का पत्थर बताया है।
जनता का कहना है कि जिला चिकित्सालय अब वास्तव में क्षेत्र की “लाइफलाइन” बनकर उभर रहा है और आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं के नए आयाम स्थापित करेगा।

- आपदा पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत: कलेक्टर ने स्वीकृत की 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता… - June 1, 2026
- रेड़ा के पास बड़ा हादसा टला: बिजली के खंभे से टकराई स्विफ्ट डिजायर, पति-पत्नी और मासूम बालक सुरक्षित… - June 1, 2026
- आईटीआई में सुनहरा मौका: 10वीं पास युवाओं के लिए खुला प्रवेश पोर्टल, 15 जून तक करें आवेदन… - June 1, 2026

