पहले फाइनलिस्ट का फैसला हो गया है और एक बार फिर सबसे पहले खिताबी मुकाबले में एंट्री करने वाली टीम मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) है. रजत पाटीदार की कप्तानी वाली बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराया.

इस एक जीत ने बेंगलुरु के लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने की संभावना को बढ़ा दिया है और इसकी वजह पिछले 8 सीजन का इतिहास है, जहां क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ही चैंपियन बनी.

पाटीदार की कप्तानी में पिछले सीजन में RCB ने पहली बार ही IPL का खिताब जीता था और अब वो लगातार दूसरी बार IPL फाइनल में पहुंच गई है. इस सीजन में अपने खिताब की रक्षा करने उतरी बेंगलुरु को शुरू से ही खिताब के दावेदारों में माना जा रहा था और टीम ने प्रदर्शन भी उसी अंदाज में किया. धर्मशाला में 26 मई को खेले गए क्वालिफायर-1 में बेंगलुरु ने पहले बैटिंग करते हुए 254 रन का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया और फिर गुजरात को सिर्फ 162 रन पर ढेर कर दिया.
क्वालिफायर-1 का विजेता बनेगा चैंपियन?
IPL के नियमों में साफ है कि क्वालिफायर-1 में जीतने वाली टीम को सीधे फाइनल में एंट्री मिलती है. पिछले सीजन में भी बेंगलुरु क्वालिफायर-1 में पंजाब किंग्स को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी. अब लगातार दूसरी बार उसने ऐसा किया है. इस एक जीत ने और कुल पिछले लगातार 8 सीजन के इतिहास से यही संकेत मिलते हैं कि RCB फिर से चैंपियन बन सकती है.
आईपीएल 2018 से ये सिलसिला चला आ रहा है, जहां पहला क्वालिफायर जीतकर फाइनल में पहुंचने वाली टीम ही चैंपियन बनी. इसमें 2018, 2021 और 2023 में ये कमाल चेन्नई सुपर किंग्स ने किया, जबकि 2019 और 2020 में मुंबई इंडियंस को सफलता मिली थी. इनके अलावा 2022 में गुजरात, 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स और 2025 में खुद RCB इस तरह चैंपियन बनी थी. कुल मिलाकर IPL में 12 बार ऐसा हुआ है जब क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम चैंपियन बनी.
RCB बन जाएगी सिर्फ तीसरी टीम
अगर बेंगलुरु इस बार भी चैंपियन बनती है तो वो चेन्नई (2010, 2011) और मुंबई (2019, 2020) के बाद लगातार 2 खिताब जीतने वाली सिर्फ तीसरी टीम बन जाएगी. मगर बेंगलुरु का फाइनल में सामना किस टीम से होगा, इसका फैसला अगले दो मैच से होगा जिसमें एलिमिनेटर और क्वालिफायर-2 शामिल हैं. इस रेस में गुजरात अभी भी बनी हुई है, जो दूसरे क्वालिफायर में एमिलिनेटर के विजेता से भिड़ेगी. एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टक्कर होनी है.
- गुजरात को हराकर RCB ने फिर कर लिया खिताब पक्का? 8 साल का इतिहास देखेंगे तो समझ जाएंगे… - June 1, 2026
- छत्तीसगढ़:हर दिन 50 से 70 चमगादड़ों की मौत, रहस्यमयी तरीके हो रही घटना, वन विभाग में मचा हड़कंप… - June 1, 2026
- छत्तीसगढ़:16 पत्थर के स्तंभों पर टिकी सदियों पुरानी आस्था की विरासत, यहां विराजती हैं त्रिदेवियां, गर्मियों की छुट्टी के लिए शानदार जगह… - June 1, 2026

