रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस लगातार बड़ी और प्रभावी कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने नशीले बुट्रम (Butorphanol Tartrate) इंजेक्शन की सप्लाई चेन से जुड़े एक और महत्वपूर्ण आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से युवाओं और नाबालिगों को निशाना बनाने वाले नशे के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि रामलीला मैदान के आसपास कुछ युवक नाबालिग बच्चों और युवाओं को नशीले बुट्रम इंजेक्शन लगाकर नशे की लत में धकेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ संदिग्ध युवक भाग निकले, जबकि मोटरसाइकिल पर बैठे सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान सूरज पंडित के कब्जे से 24 नग नशीले बुट्रम इंजेक्शन, दो सिरिंज, 7,370 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदकर युवाओं और नाबालिगों को बेचते थे। आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने सरोज यादव को घड़ी चौक क्षेत्र से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बिक्री की राशि में शेष 200 रुपये बरामद किए।
मामले की गहन विवेचना के दौरान पुलिस को नशे के इस नेटवर्क की एक और अहम कड़ी का पता चला। पूछताछ में सामने आया कि सरोज यादव को नशीले इंजेक्शन खरसिया निवासी सुनील श्रीवास उर्फ सुनील ठाकुर उपलब्ध कराता था। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और पेट्रोलिंग टीम ने आरोपी को रायगढ़ रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी सुनील श्रीवास उर्फ सुनील ठाकुर (35 वर्ष) ने सरोज यादव को 50 नग बुट्रम नशीले इंजेक्शन बेचने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 279/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 123, 275, 286 तथा जेजे एक्ट की धारा 77 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। रायगढ़ पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि युवाओं और नाबालिगों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
💬 एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, “युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए आमजन का सहयोग भी आवश्यक है।”
ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार मानी जा रही है, जिससे जिले में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है।

- जगतगुरु रामभद्राचार्य जी के सानिध्य में होगा वैष्णव समाज का ऐतिहासिक महासम्मेलन, जयपुर की निर्णायक बैठक संपन्न…. - May 30, 2026
- 1000 रन बनाकर वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बनाया IPL का सबसे बड़ा रिकॉर्ड… - May 30, 2026
- छत्तीसगढ़:एसीबी की कार्रवाई, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का बाबू 40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार… - May 30, 2026

